सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी आयुक्त पी. एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू तथा जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा के नेतृत्व में जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने भकुर्रा–अमलीडीपा मार्ग पर प्रभावी अभियान चलाकर अवैध महुआ शराब के परिवहन का भंडाफोड़ किया।
गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध वाहनों की विधिवत जांच एवं तलाशी के दौरान ग्राम भीमसेनडीह निवासी ललित जायसवाल पिता सहदेव के कब्जे से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AS 2154 में परिवहन की जा रही 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आबकारी टीम ने मौके पर ही शराब एवं वाहन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा की सक्रिय कार्यशैली और लगातार चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के चलते जिले में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया सहित उड़नदस्ता टीम के अन्य कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
आनंद वर्मा की सख्ती से शराब तस्करों में हड़कंप, 30 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार…
